सीतापुर। बहुजन समाज के सम्मान, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए 15 जून 2026 दिन सोमवार को प्रातः 10:00 बजे डॉ. अंबेडकर पार्क, बहादुरपुर, सिधौली से एक विशाल जनसभा एवं पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
आंदोलन के मुख्य संयोजक राजेश कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, तथागत गौतम बुद्ध एवं बहुजन समाज में जन्मे महापुरुषों के सम्मान तथा उनके विचारों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हजारों की संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समाज के महापुरुषों के सम्मान, सामाजिक न्याय, शिक्षा के अधिकार, समानता तथा संविधान की रक्षा के लिए यह पदयात्रा आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बहुजन समाज के सभी वर्गों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों एवं बुद्धिजीवियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान जनसभा को विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बहुजन समाज के वक्ता संबोधित करेंगे। इसके पश्चात सिधौली से मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ के लिए पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी।

