छिबरामऊ, कन्नौज। सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक एवं भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए जाने के मामले में कुछ लोगों ने उपजिलाधिकारी छिबरामऊ को प्रार्थना पत्र देकर जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि राहुल मिश्रा नामक व्यक्ति द्वारा 9 जून 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के संबंध में कथित रूप से भ्रामक एवं मानहानिकारक बातें लिखी गई हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पोस्ट में किए गए दावे असत्य, महिला सम्मान के विरुद्ध तथा समाज में भ्रम फैलाने वाले हैं।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार की सामग्री से संबंधित व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच सकती है तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के इस प्रकार की सामग्री प्रसारित करना अनुचित है और इससे समाज में गलत संदेश जाता है। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।
इस दौरान एडवोकेट चंदजीत सिंह यादव, प्रियतर सिंह तोमर, रवि गुप्ता, एडवोकेट रजनीश, डॉ. धर्मेंद्र प्रताप, एडवोकेट दिनेश, पिंकी कश्यप, एडवोकेट घनश्याम, साकेश जाटव, गोविंद यादव, अवनीश गुप्ता, अरविंद गुप्ता, प्रद्युम्न सिंह, हिमांशु यादव, एडवोकेट सतेंद्र सिंह, जय यादव, अंकुर सिंह यादव, बलराम शाक्य, सचिन शाक्य एवं सौरभ कठेरिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
