आमोद कुमार
बांदा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने तिंदवारी क्षेत्र के दौरे के बाद जिलाधिकारी अमित आसेरी को पत्र भेजकर कस्बा तिंदवारी के मोहल्ला प्रेम नगर एवं सब्जी मंडी क्षेत्र में आबादी के बीच संचालित शराब ठेके को हटाने की मांग की है।पत्र में उन्होंने बताया कि जनसंपर्क के दौरान स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि बस्ती के मुख्य मार्ग पर शराब का ठेका संचालित होने से महिलाओं और स्कूल जाने वाली छात्राओं को आए दिन शराबियों की छींटाकशी एवं अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है। इससे मोहल्ले के लोगों में भारी असंतोष है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय नागरिक पिछले वर्ष से लगातार शिकायतें और प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। वहीं 20 मई 2026 को भी जिलाधिकारी को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने जनहित एवं न्यायहित में मांग की कि आबादी के बीच स्थित इस शराब ठेके को हटाकर शहर से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, जिससे क्षेत्र की महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों को राहत मिल सके तथा सामाजिक वातावरण सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सके।
