रीवा। शहर के कई इलाकों में सड़कों की हालत खराब हो चुकी है। जगह-जगह बने गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। मरम्मत के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है, जिससे लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही।
प्रकाश चौराहा बना सबसे खतरनाक
शहर के व्यस्ततम प्रकाश चौराहा और उसके आसपास सड़क पर कई लंबे-चौड़े गड्ढे हैं। जवली पार्क मोड़ के पास का गड्ढा सबसे ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। इसे पाटने के लिए पत्थर डाल दिए गए हैं, लेकिन दोपहिया वाहन गुजरते ही संतुलन बिगड़ जाता है। कई बार वाहन बैलेंस बिगड़ने से दूसरे वाहनों से टकरा जाते हैं। पैदल चलने वाले भी इन गड्ढों से परेशान हैं।
बारिश में बढ़ जाती है समस्या
प्रकाश चौराहा के पास बैंक के सामने सड़क के दोनों ओर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। लोग इनमें कचरा भी फेंक देते हैं, जिससे गंदगी रहती है। आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ये गड्ढे जलमग्न हो जाते हैं। पानी भरने से अंदाजा नहीं लगता कि गड्ढा कितना गहरा है, और वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
बरसात से पहले मरम्मत जरूरी
लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। उससे पहले इन गड्ढों की स्थायी मरम्मत जरूरी है। अभी तक प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं गया है। आए दिन इन गड्ढों की वजह से छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
सिर्फ लीपापोती
शहरवासियों की शिकायत है कि गड्ढों की मरम्मत में गंभीरता नहीं दिखाई जाती। जब कभी मरम्मत कराई भी जाती है तो सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। कुछ दिन बाद सड़क फिर उसी हाल में आ जाती है। गड्ढों में वाहन के चक्के फंसने से अचानक ब्रेक लगते हैं और पीछे से टक्कर हो जाती है।
स्थानीय लोगों की मांग
जनता ने मांग की है कि मानसून से पहले सभी प्रमुख सड़कों के गड्ढों को स्थायी रूप से भरा जाए। गुणवत्तापूर्ण सामग्री से मरम्मत हो ताकि बार-बार समस्या न हो। साथ ही गड्ढों में कचरा फेंकने वालों पर भी कार्रवाई की जाए।
अब तक इंडिया प्रदीप पाण्डेय
