संजय कुशवाह बरहन
बरहन/एत्मादपुर (आगरा), 11 जून: क्षेत्र के ग्राम वास गुमान (पंचायत नगला बेल) में बीती रात आई तेज आंधी और खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में पप्पू सिंह पुत्र लेखराज का आवासीय मकान पूरी तरह ढह गया। हादसे के दौरान परिवार के पप्पू सिंह, उनकी पत्नी गुड़िया और शिवानी पुत्री धर्मेंद्र को हल्की चोटें आई हैं। मकान गिरने से परिवार अब बेघर हो गया है और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।घटना की सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन (स्वतंत्र) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विश्वकान्त मिश्रा पीड़ित परिवार के पास पहुंचे। उन्होंने परिवार को ढाढ़स बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।श्री मिश्रा ने मौके से ही प्रशासनिक और राजस्व विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा और आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित पप्पू सिंह अनुसूचित वर्ग से आते हैं और अत्यंत गरीब हैं। प्रशासन को तुरंत सर्वे कराकर इन्हें आवासीय सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध करानी चाहिए।
किसान नेता ने स्पष्ट किया कि भारतीय किसान यूनियन (स्वतंत्र) इस संकट की घड़ी में परिवार के साथ है और यदि पीड़ित को समय पर न्याय नहीं मिला, तो संगठन प्रशासनिक स्तर पर मजबूती से आवाज उठाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने भी प्रशासन से त्वरित राहत की मांग की।
