गोरखपुर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गोरखपुर ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण NDMA, भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण UPSDMA के सहयोग से 11 जून, गुरुवार को व्यापक मॉक ड्रिल अभ्यास आयोजित किया।इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपदा की स्थिति में जिले के विभिन्न विभागों की समन्वय क्षमता, संसाधनों की त्वरित उपलब्धता और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की सुदृढ़ता को परखना था।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व, पीडब्ल्यूडी और अन्य सम्बद्ध विभागों ने आपदा के काल्पनिक परिदृश्य पर त्वरित कार्रवाई कर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने रेस्क्यू, राहत सामग्री वितरण, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और आमजन को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का जमीनी स्तर पर अभ्यास किया।जिला प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अभ्यास से कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जा सकेगा, ताकि वास्तविक आपदा के समय जनहानि को न्यूनतम रखा जा सके। DDMA ने नागरिकों से भी सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की।
