कुशहा गांव का युवक बना रियल हीरो साथी को सुरक्षित निकाला, खुद गहराई में लापता
पुलिस-गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
रीवा। सगरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुशहा में गुरुवार को इंसानियत और दोस्ती की मिसाल पेश करने वाला एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बीहर नदी में नहाने गए 38 वर्षीय अनुपम मिश्रा अपने डूबते दोस्त को बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। साथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद जिंदगी की जंग हारकर नदी की गहराई में समा गए।
कैसे हुआ हादसा
ग्राम कुशहा निवासी अनुपम मिश्रा गुरुवार को अपने साथियों के साथ बीहर नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान उनका एक दोस्त अचानक गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। दोस्त को डूबता देख अनुपम ने एक पल की देरी किए बिना नदी में छलांग लगा दी। अपनी जान की परवाह न करते हुए उन्होंने सूझबूझ से साथी को खींचकर किनारे तक पहुंचा दिया और उसकी जान बचा ली। लेकिन इस जद्दोजहद में वे खुद थककर नदी की गहराई में लापता हो गए।
युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन, अभी तक कोई सुराग नहीं
घटना की सूचना मिलते ही सगरा थाना पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। नदी में युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। SDRF को भी सूचना दे दी गई है। देर शाम तक अनुपम का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
गांव में पसरा मातम, परिवार में कोहराम
इस हृदयविदारक हादसे के बाद ग्राम कुशहा में मातम पसरा हुआ है। अनुपम के घर पर लोगों की भीड़ लगी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वालों का कहना है कि अनुपम बेहद मिलनसार और मददगार स्वभाव का था। उसने अपनी जान देकर दोस्ती का फर्ज निभाया है।
प्रशासन की अपील
सगरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-तालाब में नहाने के दौरान सतर्कता बरतें। गहरे पानी में जाने से बचें।
अब तक इंडिया प्रदीप पाण्डेय

