तेनुई चेत सिंह में VB- G RAM G योजना में फर्जी हाजिरी का आरोप, बिना मजदूरों के कैसे दर्ज हो रहे 29 श्रमिक?
बस्ती। विकासखंड गौर की ग्राम पंचायत तेनुई चेत सिंह में VB- G RAM G योजना के कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान, सचिव, टीए, एपीओ और रोजगार सेवक पर बिना मजदूरों से कार्य कराए ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कर सरकारी धन के भुगतान की तैयारी करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत के निगवापुर तालाब पर जलमग्न पोखरा में VB- G RAM G योजना के तहत कार्य दिखाया जा रहा है। आरोप है कि प्रतिदिन 29 मजदूरों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जा रही है, जबकि मौके पर कार्यस्थल पर कोई मजदूर मौजूद नहीं मिलता। स्थानीय लोगों का दावा है कि कई बार निरीक्षण करने पर भी कार्यस्थल सूना मिला, जिससे ऑनलाइन दर्ज हाजिरी की सत्यता पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौके पर मजदूर नहीं हैं, तो प्रतिदिन 29 श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति किस आधार पर दर्ज की जा रही है? क्या बिना भौतिक सत्यापन के सरकारी अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं? यदि ऐसा है तो भुगतान की प्रक्रिया किसके निर्देश पर आगे बढ़ाई जा रही है? ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर ऑनलाइन उपस्थिति, मास्टर रोल और भुगतान संबंधी अभिलेखों का मिलान कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सक्षम अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच कराएंगे या फिर शिकायतों को नजरअंदाज किया जाएगा? अब सबकी निगाहें विभागीय जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।

