जसवल चौराहे के पास झाड़ियों में मिला युवक का शव, मचा हड़कंप
शव के पास पड़ा मिला तमंचा, बाहरी युवक होने की आशंका
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच, पहचान की कोशिश जारी
गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में जसवल चौराहे से कुछ दूरी पर सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार मृतक युवक क्षेत्र का रहने वाला नहीं लग रहा था, जिससे उसके बाहरी होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों के मुताबिक शव के बगल में एक तमंचा भी पड़ा मिला। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तत्काल कैंपियरगंज थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की पहचान के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना को लेकर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

