लंबे समय से फरार 50 हजार इनामी गुड्डू दाढ़ी मुठभेड़ में गिरफ्तार
गोरखपुर पीपीगंज थाना क्षेत्र के सिसई घाट के पास गुरुवार सुबह हुई पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश गुड्डू दाढ़ी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, गुड्डू दाढ़ी लूट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। सुबह पुलिस टीम को उसके सिसई घाट के आसपास मौजूद होने की विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने कथित तौर पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।उसके कब्जे से असलहा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गुड्डू दाढ़ी पीपीगंज क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहने और लूट के मामले में फरार होने के कारण पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास तथा बरामद असलहे के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

