गोरखपुर
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में नाथनगर विकासखंड ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का परचम लहराया। विकासखंड नाथनगर के कुल पांच शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवाचारी एवं सराहनीय कार्यों के लिए जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। एक ही विकासखंड से पांच शिक्षकों का चयन एवं सम्मानित होना नाथनगर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
सम्मानित शिक्षकों में चंद्रशेखर, इंचार्ज प्रधानाध्यापक, UPS तरयापार कम्पोजिट; प्रमोद सिंह, इंचार्ज प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय नीबा होरिल, नाथनगर; शत्रुध्न सिंह, इंचार्ज प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय तिल्ठा; कंचनकता, सहायक अध्यापक, कम्पोजिट विद्यालय बारीडीहा; तथा शालनी चौधरी, सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय काली जगदीशपुर शामिल हैं।
सभी शिक्षकों को जिलाधिकारी महोदय श्री आलोक कुमार जी, मुख्य विकास अधिकारी श्री जयकेश त्रिपाठी जी, उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. सबीना मुमताज जी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अमित कुमार सिंह जी, डायट प्राचार्य श्री नरेंद्र सिंह जी एवं खंड शिक्षा अधिकारी श्री अरुण प्रताप सिंह जी के कर-कमलों से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इन शिक्षकों द्वारा विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं सहभागिता बढ़ाने, नवाचारी शिक्षण गतिविधियों, विद्यालय के बेहतर प्रबंधन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहा गया।
जिला स्तर पर सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार, सहकर्मी शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस सम्मान को अपने विद्यालय के बच्चों को समर्पित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण, नवाचार एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।

