राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन को एसपी ने दिखाई हरी झंडी
कन्नौज। जनपद कन्नौज में आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए मंगलवार को पुलिस कार्यालय से प्रचार वाहन रवाना किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इसमें दीवानी, फौजदारी एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन मामलों और वैवाहिक विवादों का भी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण कराया जाएगा।
लोक अदालत के दौरान यातायात चालानों के निस्तारण के लिए भी स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रचार वाहन के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता, आयोजन की तिथि और मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जाएगी। पुलिस विभाग की ओर से लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की गई।

