बंथरा में गुंडागर्दी और मारपीट का तांडव — चेयरमैन प्रतिनिधि के संरक्षण में दबंगों के हौसले बुलंद, महिलाओं संग अश्लील हरकत और परिवार पर हमला
बंथरा (लखनऊ), 11 नवम्बर 2025:
बंथरा थाना क्षेत्र के अंबेडकरनगर वार्ड नंबर चार में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के ही कुछ दबंगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है।
प्रार्थिनी श्रीमती विमला पत्नी कल्लू निवासी बंथरा गांव ने थाना प्रभारी बंथरा को तहरीर देकर बताया कि उनके परिवार पर गांव के ही राजकुमार उर्फ गुड्डू, सर्वेश पुत्र गंगा प्रसाद, सम्राट पुत्र राजकुमार, केतकी पत्नी राजकुमार, राजनन्दिनी पुत्री राजकुमार, राहुल पुत्र बबलू, अनुराग उर्फ अन्नू पुत्र बबलू, और आशू पुत्र मनोज ने हमला किया। आरोप है कि इन लोगों ने पूर्व नियोजित तरीके से विमला की बेटियों खुशबू और खुशी के साथ अश्लील हरकत की और बुरी तरह मारपीट करते हुए पूरे परिवार को घायल कर दिया।
मौके पर पहुंचे विमला के बेटे अर्जुन और युवराज पर भी लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए सीएचसी सरोजनीनगर भेजा गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें KGMU लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं और पूर्व में भी कई बार इसी तरह की घटनाएं कर चुके हैं। उनके खिलाफ आधा दर्जन बार रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है, मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पत्रकार युवराज गौतम ने बताया कि वे स्वयं और उनका परिवार लगातार एक महीने से ACP, DCP, ADCP और मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक निष्क्रिय है। उनका आरोप है कि आरोपीगण नगर पंचायत बंथरा के चेयरमैन प्रतिनिधि के करीबी हैं, जिस कारण पुलिस कार्रवाई से बच रही है।
पीड़ित परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है

