जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चित्रकूट की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न
राजापुर, चित्रकूट | 15 नवम्बर 2025
तहसील सभागार राजापुर में आज सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेन्द्र द्विवेदी सहित पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने जनसुनवाई रजिस्टर का परीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण का स्पष्ट उल्लेख रजिस्टर में किया जाए तथा संबंधित आवेदक को भी समाधान की सूचना अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हर स्थिति में सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी एवं पारदर्शी कार्रवाई की जाए। भूमि विवादों पर कड़ी निगरानी के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और चकबंदी अधिकारियों से कहा कि राजस्व, पुलिस एवं चकबंदी विभाग की संयुक्त टीम बनाकर भूमि संबंधी विवादों को प्राथमिकता के आधार पर कब्जा मुक्त कराया जाए।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी राजापुर फूलचन्द्र यादव, क्षेत्राधिकारी राजापुर राज कमल, प्रभारी निरीक्षक राजापुर लाखन सिंह, थानाध्यक्ष सरधुवा राम सिंह, पीआरओ प्रदीप पाल सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विनोद उपाध्याय
ब्यूरो चित्रकूट
अब तक टीवी न्यूज़, अब तक न्याय

