अर्जुन रौतेला। जनपद आगरा में सिटीजन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित सिटीजन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के मैच आगामी 22 और 23 नवम्बर को सेंट जॉन्स कॉलेज के मैदान पर खेले जायेंगें,
जिसमें विजेता टीम को दी जाने वाली चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल में किया गया। इसी के साथ टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी आठ टीमों के कप्तानों को उनकी टीम के लिए जर्सी प्रदान की गईं।
इस संबंध में आयोजित कार्यक्रम में आयोजन सचिव मुईन बाबू ने बताया कि टूर्नामेंट 22 और 23 नवंबर को सेंट जॉन्स कॉलेज ग्राउंड पर खेला जाएगा। इसमें 8 टीम में प्रतिभाग करेंगी। इस नॉक आउट टूर्नामेंट में शुरुआती मैच 8-8 ओवर के होंगे जबकि सेमीफाइनल और फाइनल 10-10 ओवर के खेले जाएंगे।
वरिष्ठ खेल प्रशासक बलदेव भटनागर ने कहा कि पिछले कई वर्षों से आयोजित हो रहा इस टूर्नामेंट का खिलाड़ी और दर्शकों को काफी इंतजार रहता है। अपनी निष्पक्षता और भव्य आयोजन से इसने अपनी अलग पहचान बनाई है।
क्रिकेट गैलेक्सी की सीईओ सिम्मी कपूर ने सभी टीमों के कप्तान को जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन पूर्व क्रिकेटर नवीन गोस्वामी ने किया। ट्रॉफी अनावरण मुईन बाबू, बलदेव भटनागर, सिम्मी कपूर, शमी आगाई, समाजसेवी शकील शेख और मोहम्मद ताहिर तथा सभी टीमों के कप्तान मौजूद रहे।

