बसुही नदी पर बघनरी–हरिद्वारी के बीच मिनी पुल की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
बरसठी, जौनपुर।
बरसठी विकासखंड क्षेत्र के बघनरी और हरद्वारी के बीच बसुही नदी पर बना रप्टा पुल पिछले पचास वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। पुल की खस्ताहाल स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और तत्काल मिनी पुल के निर्माण की मांग उठाई।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण लिंक रोड है, जो मछलीशहर–मडियाहूं हाईवे से होते हुए बडेरी रोड को मियांचक, बधवां, जंघई, जमालपुर और भदोही क्षेत्र से जोड़ता है। पुल न होने से एंबुलेंस, स्कूली बसें, चारपहिया वाहन और दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है, जब पानी बढ़ने से रप्टा पूरी तरह डूब जाता है और लोगों को कई किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली बच्चों को साइकिल से आना-जाना मुश्किल हो जाता है। कई बार बीमारों को समय पर अस्पताल न पहुंच पाने की घटनाएं सामने आई हैं। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की लगभग 10 हजार से 50 हजार की आबादी इस पुल पर निर्भर है, लेकिन अब तक सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी जौनपुर व उत्तर प्रदेश सरकार से यह मांग की है कि बसुही नदी पर 25 मीटर लंबाई का एक मिनी पुल तत्काल स्वीकृत किया जाए और एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि पिछले पचास वर्षों में ग्रामीणों ने कई बार सांसदों, विधायकों और संबंधित विभागों से गुहार लगाई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नहरों की तर्ज पर मजबूत मिनी पुल बन जाने से न केवल आवागमन सुचारू होगा, बल्कि स्कूली वाहन और स्थानीय परिवहन भी निर्बाध रूप से चालू रह सकेगा।
ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण सड़क को दोबारा सक्रिय करने के लिए शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और विकास की गति तेज हो सके।

