दिल्ली की हवा ‘गंभीर’: प्रदूषण चरम पर, कई इलाकों में AQI 450 के पार
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। नौवें दिन भी हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में स्थिति ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार सुबह 9 बजे शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 360 था, जो शाम 4 बजे बढ़कर 370 हो गया।
दिल्ली के 20 से अधिक निगरानी स्टेशनों ने ‘बहुत खराब’ वायु गुणवत्ता दर्ज की, जबकि 11 स्थानों पर प्रदूषण ‘गंभीर’ श्रेणी में पाया गया। वजीरपुर सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 448 मापा गया। आनंद विहार (429), विवेक विहार (439), बवाना (427), जहांगीरपुरी (428), रोहिणी (425) और नेहरू नगर (403) जैसे क्षेत्रों में भी हवा बेहद जहरीली पाई गई।
रविवार सुबह स्थिति और बिगड़ गई। लोनी में AQI 473, इदिरापुरम में 472 और रोहिणी में 460 दर्ज किया गया। नोएडा सेक्टर-116, वजीरपुर, आईटीआई शाहदरा और IGI एयरपोर्ट समेत कई इलाकों में हवा स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक स्तर पर पहुंच गई।
आईआईटीएम पुणे के डीसिजन सपोर्ट सिस्टम के अनुसार दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों का योगदान शनिवार को 14.9 प्रतिशत रहा, जबकि पराली जलाने से 2.8 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। रविवार को वाहनों की हिस्सेदारी 19.1 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। उपग्रह आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को पंजाब में 30, हरियाणा में 11 और उत्तर प्रदेश में 250 स्थानों पर खेतों में आग लगने की घटनाएँ दर्ज की गईं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री और अधिकतम 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 41 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। रविवार को मध्यम कोहरे और साफ आसमान की संभावना है।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जहरीली हवा से सांस की समस्याएं बढ़ सकती हैं। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और श्वांस रोगियों को विशेष सावधानी बरतने और बाहर निकलते समय एन-95 मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है।

