मंडल ब्यूरो: गिरजा शंकर अवस्थी
कांधौली (जिला हमीरपुर) में पाँच दिवसीय मेला एवं रामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ
हमीरपुर जनपद के ग्राम कांधौली स्थित श्री श्री 1008 स्वामी अखंडानंद जी महाराज की तपोभूमि में वर्षों पुरानी आस्था और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पाँच दिवसीय मेला एवं रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन आरंभ हुआ। त्यागी जी श्री गंगादास बाबा के संत सरोवर प्रांगण में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मेला एवं राम-विवाह वर्षगांठ का दिव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मेला परिसर में झूले, मनोरंजन के विविध साधन, मिठाइयों की दुकानें तथा बाहरी जनपदों से आए व्यापारियों की बड़ी संख्या ने आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया है, जिससे क्षेत्र में उत्सव का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में श्री साधूराम महाराज इंटर कॉलेज के प्रांगण में देश के नामी-गिरामी पहलवानों की उपस्थिति में भव्य दंगल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों के जोरदार मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
पाँच दिवसीय रामलीला के अंतर्गत आज धनुष यज्ञ की लीला एवं राम-विवाह वर्षगांठ का पावन मंचन किया गया। आयोजन में क्षेत्र के प्रधान, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भक्तिभाव से शामिल हुए और परंपरागत वार्षिक उत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

