हम संविधान को न झुकने देंगे, न टूटने देंगे, न बिकने देंगे; हमारी लड़ाई न किसी व्यक्ति से है, न किसी दल से”
— राजेश कुमार सिद्धार्थ
संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ एवं किसान कांग्रेस ने प्रदेशभर में जागरूकता अभियानों का व्यापक आयोजन किया। महासंघ के अध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ ने अपने प्रदेशव्यापी संदेश में कहा कि देश का संविधान भारतीय लोकतंत्र का मेरुदंड है और इसकी रक्षा प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों और मूल्यों पर निरंतर आघात किया जा रहा है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित समुदाय को संविधान की जानकारी और उसकी रक्षा के लिए एकजुट होना पड़ेगा।
राजेश कुमार Siddharth ने स्पष्ट किया कि संगठन का संघर्ष किसी व्यक्ति, दल या सत्ता के विरुद्ध नहीं है, बल्कि संविधान के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि मांगें या विरोध केवल सिद्धांतों पर आधारित होंगे, न कि व्यक्तियों पर।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर का दिया हुआ संविधान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के स्तंभों पर खड़ा है और उन स्तंभों को कमजोर करने का कोई भी प्रयास देश की आत्मा पर प्रहार के समान है। इसी उद्देश्य से पूरे प्रदेश में संविधान पाठ, जनसंवाद, युवा जागरण और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
अपने संकल्प वक्तव्य में राजेश कुमार सिद्धार्थ ने दोहराया, “हम संविधान को न झुकने देंगे, न टूटने देंगे, न बिकने देंगे।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सतर्क और संगठित रहें।

