नए साल में मार्च के बाद कभी भी हो सकते हैं पंचायत चुनाव: विधायक जसरोटिया
जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने कहा कि नए साल में मार्च के बाद प्रदेश में कभी भी पंचायत चुनाव करवाए जा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पंचायत चुनाव लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण होते हैं, इसलिए अभी से तैयारी में जुट जाएं।
विधायक ने शुक्रवार को अपने निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं की बैठक की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से पंचायत चुनाव न होने के कारण कई प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी, जिनके लिए संगठन को तैयार रहना चाहिए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य 2 दिसंबर को कठुआ के औद्योगिक क्षेत्र घाटी में आयोजित होने वाले किसान मेले की तैयारियों की समीक्षा करना था। जसरोटिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचे।
उन्होंने बताया कि हर पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांवों में वाहन भेजे जाएंगे, जिनके माध्यम से लोगों को मेले तक लाया जाएगा ताकि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकें।

