पति के दो थप्पड़ मारने से नाराज पत्नी ने जहर खाकर दी जान
गिरजा शंकर अवस्थी | बांदा
बिसंडा थाना क्षेत्र के अलिहा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। घटना गुरुवार रात की है।
अलिहा गांव निवासी 28 वर्षीय रचना, पत्नी सुनील कुमार, ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को संतुष्टि न होने पर वे उसे एक प्राइवेट अस्पताल भी ले गए, लेकिन वहां भी उसे मृत ही पाया गया। बाद में वे शव लेकर गांव लौट रहे थे, तभी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
पति सुनील ने बताया कि गुरुवार को उसका एक साथी 500 रुपये लेने आया था। इस दौरान रचना ने उसे अपशब्द कह दिए, जिस पर उसने पत्नी को दो थप्पड़ मार दिए और बाहर चला गया। इसी बात से नाराज होकर रचना ने अपने डेढ़ वर्षीय बेटे लवलेश को पीटना शुरू कर दिया। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर सुनील फिर घर लौटा और उसने पत्नी को दोबारा थप्पड़ मार दिए। इसके बाद रचना ने गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया।
वहीं मृतका के भाई सोहनलाल, निवासी रानीपुर (चित्रकूट), का आरोप है कि रचना को दहेज को लेकर अक्सर प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट होती रहती थी।
पुलिस ने शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

