खुरहंड। शहर कोतवाली क्षेत्र के सोहाना गांव निवासी 25 वर्षीय सूरज प्रसाद की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह शनिवार को अपनी बड़ी बहन सरवन की ससुराल भरतकूप गया था। रात में बाइक से वापस लौटते समय महुआ गांव के पास सड़क किनारे खड़े लकड़ी लदे ट्रैक्टर से उसकी बाइक टकरा गई।
हादसे में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
