कन्नौज। जनपद में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित और गरिमामय बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस ग्रांड रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार ने स्वयं उपस्थित रहकर परेड की तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान परेड कमांडर क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल के जवानों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। परेड ग्राउंड देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा और हर कदम पर भारतीय गणतंत्र की गरिमा झलकती रही।पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परेड की टाइमिंग, मंच व्यवस्था, सलामी मंच, यातायात प्रबंधन एवं आमजन की सुविधा से जुड़े बिंदुओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और कार्यक्रम पूर्ण रूप से सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाया जाए।
इस अवसर पर सभी थाना प्रभारी, फायर सर्विस, यातायात पुलिस एवं अन्य शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना जनपद के लिए गर्व की बात है।यह फुल ड्रेस रिहर्सल न केवल प्रशासनिक तैयारियों का प्रतीक रहा, बल्कि यह संदेश भी दिया कि कन्नौज पुलिस राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों के लिए सदैव तत्पर है।
