धरना प्रदर्शन कर भाकियू महात्मा टिकैत ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
छिबरामऊ, कन्नौज। तहसील पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) संगठन ने विरोध प्रदर्शन करते उप-जिलाधिकारी को दो ज्ञापन सौंपे। पहला ज्ञापन गुरूसहायगंज क्षेत्र के रामगंज स्थित आकाश एजुकेशन सेंटर के अवैध तीन मंजिला भवन में पढ़ने वाले करीब 1100 नाबालिग बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा है।यूनियन का आरोप है कि भवन बिना स्वीकृत नक्शे, सीएलयू (धारा 143), एनओसी और नेशनल बिल्डिंग कोड प्रमाण-पत्र के बनाया गया। अवैध अंडरग्राउंड तहखाने पर तीन मंजिल खड़ी की गई, जो अग्नि सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और निर्माण नियमों का घोर उल्लंघन है। घटिया सामग्री और अवैज्ञानिक ढांचे से भवन किसी भी समय ढह सकता है, जिससे बच्चों की जान खतरे में है। भाकियू ने तत्काल स्वतंत्र जांच, अवैध निर्माण ध्वस्त करने, स्कूल की मान्यता रद्द करने, संचालन पर रोक तथा दोषी प्रबंधन व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की हैं। संगठन ने सवाल उठाया कि वर्ष 2000 से बिना वैध अनुमति के स्कूल चलने पर विभागों ने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।वहीं दूसरे ज्ञापन में किसानों-गरीबों की समस्याएं उठाई गईं, जैसे कम वजन की खाद, मनमाने दाम, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल, फसल नुकसान का समय पर मुआवजा न मिलना, प्रमाण-पत्रों में देरी और कोल्ड स्टोरेज में अधिक किराया। यूनियन ने सभी मामलों में शीघ्र जांच और कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि देरी होने पर उच्च न्यायालय और राज्य मानवाधिकार आयोग का रुख किया जाएगा।इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष इरशाद अली, जिला अध्यक्ष मकबूल अहमद, जिला प्रभारी नीरज दुबे, मंडल उपाध्यक्ष अकबर खान, अमन खान, रजाउल अली, आमिर खान, प्रशांत गौतम, गगन श्रीवास्तव, मो. फहीम अहमद, दानिश अली, इमरान खान, शाहरुख खान, हिर्देश दुबे, आसिफ खान, आमिर खान, सर्वेश तिवारी, रामजीत, राकेश कुमार, शंकर लाल, सियाराम, राजू बाथम, उमेश राजपूत, राहुल कुमार, रंजीत गौतम, लालू, सर्वेश कठेरिया, समीर खान, सलमान खान, युवराज सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
