मास्टरबाग में विशाल युवा किसान पंचायत, “जय भीम, जय भारत, जय किसान” के नारों से गूंजा क्षेत्र
सिधौली (सीतापुर)। थाना कमलापुर क्षेत्र के मास्टरबाग में आयोजित विशाल युवा किसान पंचायत उत्साह और जनसैलाब के बीच संपन्न हुई। कार्यक्रम में युवाओं, किसानों, महिलाओं और विभिन्न वर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पूरे क्षेत्र में “जय भीम, जय भारत, जय किसान, जय संविधान” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
पंचायत का आयोजन किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष ममता पासी, प्रदेश सचिव राजेश सिंह तोमर, उपाध्यक्ष अनिल कुमार (नंद जी), अनुपमा द्विवेदी, दीपा वैश्य, कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला सचिव अनिल दीवान, जिला उपाध्यक्ष दानिश नकवी, महामंत्री सत्यदेव पाण्डेय, ब्लॉक अध्यक्ष ओमकार मिश्रा, डॉ. अंबेडकर संवैधानिक महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष बंशराज भारती, अनवर बक्श, अशोक भार्गव, प्रताप सिंह यादव, गजोधर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, किसान अधिकार और युवाओं के रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सिंह चौहान ने कहा कि पंचायत में उठाई गई मांगों को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने रेडिको खेतान और मैग्ना फैक्ट्री में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग का समर्थन किया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह ने कहा कि किसान आज लागत और बाजार के बीच पिस रहा है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और किसानों के बकाया भुगतान के समाधान की मांग की।
जिला अध्यक्ष ममता पासी ने कहा कि किसान परिवारों में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनकी भागीदारी से आंदोलन को नई ताकत मिलती है।
अपने संबोधन में राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि यह पंचायत संघर्ष की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिली तो बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में सड़क, जलभराव, बिजली और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने किसानों, युवाओं और वंचित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
“जय भीम, जय भारत, जय संविधान, जय किसान” के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
