सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के अवसर पर कुल आठ प्रार्थना पत्र आए जिसमें सात राजस्व और एक पुलिस से संबंधित रही जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने थाना कमलापुर में पहुंचकर जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की शिकायतों और समस्याओं को सुनते हुए उनके त्वरित, न्यायोचित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने राजस्व विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपसी विवादों के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और संवेदनशील प्रकरणों में नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने महिला संबंधी अपराध, भूमि विवाद और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। साथ ही थाना समाधान दिवस से संबंधित रजिस्टर में शिकायतों के निस्तारण का पूरा विवरण दर्ज करने और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।इस दौरान उपजिलाधिकारी सिधौली राखी वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
