क्षेत्र के खरखोड़ा गांव में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और एसओजी टीम ने शनिवार को छापेमारी कर करीब 450 अफीम के पौधे बरामद किए और आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज क्षेत्र के खरखोड़ा गांव निवासी रामनरेश कुछ समय पहले नेपाल में अपने रिश्तेदार के यहां गया था। वहीं उसे अफीम की खेती और उसके फल की बिक्री से अधिक मुनाफा होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह लालच में आकर नेपाल से अफीम के पौधे लाकर अपने खेत के किनारे-किनारे लगा दिया, ताकि किसी को संदेह न हो।
बताया जा रहा है कि जब पौधों में फल लगना शुरू हुआ तो इसकी जानकारी गांव के कुछ लोगों को हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची और खेत में लगे अफीम के करीब 450 पौधों को बरामद कर लिया। इस दौरान आरोपी किसान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि बरामद अफीम के पौधों को फिलहाल पुलिस की निगरानी में रखा गया है। न्यायालय के आदेश के बाद इन्हें नष्ट किया जाएगा। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
