राधा कृष्ण स्वरूप संग फूलों की होली खेल दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
अर्जुन रौतेला आगरा। वैष्णो सेवा समिति, आगरा द्वारा होली महोत्सव का आयोजन वॉटरवर्क्स स्थित अतिथिवन में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के बुजुर्गों को सम्मानित कर उनके प्रति आदर और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
संरक्षिका बबीता गोयल ने फूलों की होली के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण स्वरूप के साथ फूलों की होली खेलकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गुलाल और रासायनिक रंगों की जगह सुगंधित फूलों से होली खेली और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान के समक्ष दीप प्रज्वलन और फूलों से होली खेलकर की गई। इसके बाद समिति की संस्थापिका बबीता गोयल, अध्यक्ष लवी गोयल, महामंत्री अंशिका गुप्ता एवं पदाधिकारियों ने उपस्थित बुजुर्गों को माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्ग समाज का अनुभव और मार्गदर्शन युवा पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर है।
संरक्षक शिवमंगल गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि भारत भूमि विकास मंच के अध्यक्ष प्रेम चौहान ने बताया कि होली महोत्सव में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और फूलों की होली ने सभी का मन मोह लिया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
संरक्षक समिति में पूर्व बल्केश्वर मण्डल अध्यक्ष ब्रजकिशोर अग्रवाल, शिवमंगल गुप्ता, संगीता गुप्ता, मीना गर्ग, रेनू शर्मा, रेनू गुप्ता आदि ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए प्रसाद एवं जलपान की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला इकाई की श्वेता शर्मा, निर्मला, नीरू, भारती, रजनी बत्रा, सपना, सीमा, लावांशी, रजनी, गीता, प्रीति, कविता, दीपिका अग्रवाल, आरती, नीलम वर्मा आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
