बांदा के स्टेशन रोड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित की अध्यक्षता में क्रांतिकारी पंडित गोपीनाथ दनादन की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पंडित गोपीनाथ दनादन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण योद्धा बताया। जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि पंडित गोपीनाथ दनादन गांधीवादी विचारधारा के समर्थक थे और देश की आजादी के लिए कई बार जेल गए। उन्होंने बताया कि उनके आवास पर सुभाषचंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारी आते थे, जहां जनपद के अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के साथ मिलकर योजनाएं बनाई जाती थीं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि निम्नी नाले के किनारे स्थित प्रागी मंदिर के तहखाने में क्रांतिकारियों को शस्त्र प्रशिक्षण दिया जाता था। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए।कांग्रेस उपाध्यक्ष डॉ. संजय द्विवेदी दनादन ने अपने संबोधन में बताया कि उन्हें पंडित गोपीनाथ दनादन के सानिध्य में रहने का अवसर प्राप्त हुआ। वर्ष 1992 में भारत भ्रमण के दौरान कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा की गई तथा आगे लक्षद्वीप औरअंडमान-निकोबार तक पहुंचकर 26 जनवरी को ध्वजारोहण किया गया। उन्होंने कहा कि पंडित गोपीनाथ दनादन का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान चिरस्मरणीय है और उन्हें समय-समय पर विभिन्न सम्मान प्राप्त हुए।इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान एडवोकेट, कार्यालय प्रभारी शिवबली सिंह, बुंदेलखंड राज्य निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक रमेशचंद्र द्विवेदी एडवोकेट, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्यप्रकाश द्विवेदी एडवोकेट सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
