गोरखपुर गीडा थाना क्षेत्र के विकासखंड पिपरौली में छोटे पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर बेवजह घूमते ये पशु न केवल यातायात में बाधा डाल रहे हैं, बल्कि राहगीरों के लिए गंभीर खतरा भी बन चुके हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे पशुओं की यह समस्या अब गंभीर रूप धारण कर चुकी है। सड़कों पर घूमते इन पशुओं के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार ये पशु अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो जाती हैं। बावजूद इसके, जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं।
इस स्थिति ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अधिकारियों की "कुंभकरण नीति" के कारण यह समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि इन पशुओं को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह न केवल यातायात व्यवस्था को बाधित करेगा, बल्कि लोगों की जान-माल को भी भारी नुकसान पहुंचा सकता है। प्रशासन को चाहिए कि वह इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाए और क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करे।
