बांदा: महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के द्वितीय चरण के तहत आज दिनांक 25 मार्च, 2026 को जनपद बांदा में महिला पुलिसकर्मियों की भव्य स्कूटी रैली आयोजित की गई। पुलिस लाइन से शुरू हुई रैली का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने हरी झण्डी दिखाकर किया।
रैली शहर के प्रमुख चौराहों—महाराणा प्रताप, कचहरी, बाबूलाल, महेश्वरीदेवी चौक, बलखण्डीनाका, बस स्टैण्ड और स्टेशन रोड—से होते हुए वापस पुलिस लाइन में समाप्त हुई। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा और सशक्तीकरण हेतु शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं तथा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
जागरूकता रैली में अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी यातायात प्रतिज्ञा सिंह और भारी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत अब सभी थाना क्षेत्रों में चौपाल, स्कूल, कॉलेज, ग्राम सचिवालय और बाजारों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
