जनपद पीलीभीत में खेल और महिला सशक्तिकरण का अनोखा संगम देखने को मिलेगा, जब 29 मार्च से पुलिस लाइन स्थित शूटिंग रेंज पर तीन दिवसीय भव्य शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन शुरू होगा। जिला प्रशासन और जिला राइफल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता को इस बार ‘मिशन शक्ति’ अभियान से जोड़ा गया है, जिससे महिलाओं और छात्राओं की भागीदारी को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा सके।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देशों पर प्रतियोगिता को व्यापक और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। प्रतियोगिता 29, 30 और 31 मार्च तक चलेगी, जिसमें जिले के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के प्रतिभागियों के भी शामिल होने की उम्मीद है।
प्रतियोगिता में .22 बोर, .32 बोर, 12 बोर ट्रैप शूटिंग और एयर गन जैसे चार प्रमुख इवेंट्स शामिल किए गए हैं। खास बात यह है कि 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए एयर गन इवेंट रखा गया है, जिससे छोटी उम्र में ही प्रतिभाओं को मंच मिल सके।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिलाओं और छात्राओं के लिए प्रवेश शुल्क में बड़ी छूट दी गई है। जहां सामान्य प्रतिभागियों के लिए प्रति इवेंट 500 रुपये शुल्क निर्धारित है, वहीं महिलाओं के लिए मात्र 100 रुपये में भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षा और अनुशासन को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बिना अनुमति शस्त्र लोड करने पर रोक, आवश्यक दस्तावेजों की अनिवार्यता और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई जैसे प्रावधान लागू किए गए हैं।
प्रशासन ने जनपद के युवाओं और महिलाओं से अपील की है कि वे इस प्रतियोगिता में भाग लेकर न सिर्फ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें, बल्कि ‘मिशन शक्ति’ के उद्देश्य को भी साकार करें। अब देखना होगा कि यह प्रतियोगिता कितनी नई प्रतिभाओं को मंच देती है और महिला भागीदारी के नए रिकॉर्ड बनाती है।
राजकुमार वर्मा
अबतक न्याय पीलीभीत
