मास्टरबाग (सीतापुर), 9 अप्रैल।
डॉ. अंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में 152 विधानसभा सिधौली क्षेत्र में चल रहे अंबेडकर माह के अंतर्गत नौवें दिन व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम शिवपुरी, रघुराजपुर, सोनारी और सीतारसोई में बैठकों का आयोजन कर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और भारतीय संविधान की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम शिवपुरी से हुई, जहां तथागत गौतम बुद्ध, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत रविदास एवं शिक्षा की प्रेरणा स्रोत शेख फातिमा के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर का जीवन संघर्ष, त्याग और समानता की मिसाल है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब द्वारा रचित संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और सम्मान प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि आज देश में जो भी प्रगति दिखाई देती है, वह बाबा साहब के विचारों और संविधान की देन है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने के लिए आगे आएं।
इसके पश्चात ग्राम रघुराजपुर में राधे लाल की अध्यक्षता एवं गजोधर प्रसाद के संचालन में बैठक संपन्न हुई। बैठक में कन्हैयालाल, बलवान, समर, चंद्रभान, रामशरण चौधरी, घनश्याम, सुनील कुमार, चंद्रपाल, दिनेश कुमार और गोलू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है।
ग्राम सोनारी में राम लोटन की अध्यक्षता एवं गजोधर प्रसाद के संचालन में आयोजित बैठक में ठाकुर प्रसाद, छोटेलाल, दिनेश कुमार, सुनील कुमार, चरंजू, रामदीन, तोताराम, सुमित कुमार और केशव राम सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में एकता कायम रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का अंतिम चरण ग्राम सीतारसोई में दीपू कनौजिया के नेतृत्व में आयोजित बैठक के रूप में संपन्न हुआ, जिसमें बाबा साहब अंबेडकर के विचारों और संविधान पर गहन चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि बाबा साहब के संविधान के कारण ही आज देश में हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त है।
सभी बैठकों में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 29 अप्रैल को मास्टरबाग में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्मोत्सव “प्रकाश महोत्सव” के रूप में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः 10 बजे ग्राम पाँरपीर से संविधान स्वाभिमान यात्रा निकाली जाएगी, जो क्षेत्र के विभिन्न गांवों से होते हुए शाम 4 बजे विशाल जनसभा में परिवर्तित होगी। इसके पश्चात शाम 6 बजे 25 हजार मोमबत्तियां जलाकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि वे समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। साथ ही “राजेश कुमार सिद्धार्थ तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
अंबेडकर माह के अंतर्गत चल रहे इन कार्यक्रमों ने क्षेत्र में एक नई जागरूकता का संचार किया है और आने वाले 29 अप्रैल के कार्यक्रम को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

