गोरखपुर। गोरखनाथ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने चोरी के जेवरात और नगद बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना गोरखनाथ में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना 03 मार्च की बताई जा रही है, जब अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह करीब 5:20 बजे पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मुस्तकीम, सलमान अंसारी, मोहम्मद साकिब, नादिर बेग और विशाल कुमार शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी की घटना स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी शातिर किस्म के चोर हैं और पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। सभी का आपराधिक इतिहास रहा है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये नकद, लगभग 191 ग्राम चांदी के आभूषण, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक अपाचे मोटरसाइकिल (नंबर UP53FR7065), एक स्कूटी (नंबर UP53EU9903) तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गोरखनाथ थाने पर इस संबंध में क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह द्वारा प्रेस वार्ता की गई। उन्होंने बताया कि चोरी का सामान खरीदने वाले एक अभियुक्त विशाल कुमार अग्रहरी को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने चोरी के जेवरात खरीदे थे। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस के जरिए पूरे मामले का खुलासा किया है। साथ ही चोरी से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी मीडिया को जारी किए गए हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से इस मामले का सफल खुलासा हो सका।
