पीलीभीत जनपद में शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अमरिया विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मझलिया में तैनात शिक्षक विजय कुमार का गैर-जिम्मेदाराना रवैया सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक विजय कुमार ने बच्चों की छुट्टी तय समय से पहले कर दी और दोपहर 1 बजकर 13 मिनट पर स्कूल का गेट बंद कर खुद भी वहां से निकल गए, जबकि विभागीय समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है। इस घटना ने न केवल बच्चों की पढ़ाई पर असर डाला, बल्कि पूरे सिस्टम की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी अमरिया, उमेद्र त्रिपाठी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि— “विद्यालय का समय निर्धारित है। यदि कोई शिक्षक समय से पहले विद्यालय बंद करता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।”
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
क्या ऐसे लापरवाह शिक्षकों पर विभाग सख्त कदम उठाएगा, या मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा?
यह मामला शिक्षा विभाग की निगरानी और जिम्मेदारी पर सीधा सवाल खड़ा करता है।

