अंबेडकर माह के 19वें दिन लखनऊ में जनसंपर्क अभियान तेज, 29 अप्रैल को 25,000 मोमबत्तियों से मनाया जाएगा प्रकाश महोत्सव
सिधौली, सीतापुर।
राजेश कुमार सिद्धार्थ (राष्ट्रीय अध्यक्ष, डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ एवं किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष) के नेतृत्व में अंबेडकर माह के 19वें दिन 152 विधानसभा सिधौली क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की गति और तेज हो गई है। आगामी 29 अप्रैल 2026 को मास्टरबाग में भीमराव अंबेडकर एवं बहुजन समाज में जन्मे महापुरुषों के सम्मान में 25,000 मोमबत्तियां जलाकर भव्य “प्रकाश महोत्सव” मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 10:00 बजे भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया तथा गौतम बुद्ध को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इसके उपरांत ग्राम रमनगरा स्थित अंबेडकर महासभा में प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। पुरानिया में भी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।
विभिन्न स्थानों पर आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि यह अभियान केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, आत्मसम्मान और एकता स्थापित करने का व्यापक आंदोलन है। उन्होंने बहुजन समाज से महापुरुषों के विचारों को अपनाकर संगठित होने का आह्वान किया।
उन्होंने 29 अप्रैल को होने वाले प्रकाश महोत्सव की जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 10:00 बजे ग्राम पंचपीर (मास्टरबाग) में भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया जाएगा। इसके बाद मास्टरबाग, सिधौली, भांडिया होते हुए पुनः मास्टरबाग में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
क्षेत्र में बढ़ती जनसक्रियता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी कार्यक्रमों पर सतत निगरानी बनाए हुए है और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर रहा है।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं तथा प्रत्येक व्यक्ति कम से कम पांच मोमबत्तियों का सहयोग अवश्य करें, ताकि 25,000 मोमबत्तियों के लक्ष्य को पूरा कर महापुरुषों को सामूहिक श्रद्धांजलि दी जा सके।
इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह त्यागी, जिला अध्यक्ष अनुज कुमार गौतम, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रचारक प्रदीप बौद्ध, आदित्य कुमार गौतम, आयुष कुमार गौतम, आर.के. आजाद, पंडित श्रीकिशन पासी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन बहुजन समाज को जागृत करने और महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
सभा के दौरान उपस्थित जनसमूह ने “राजेश कुमार सिद्धार्थ तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” के नारों के साथ अपना समर्थन व्यक्त किया।
अंत में राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि यह आंदोलन भीमराव अंबेडकर एवं गौतम बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर बहुजन समाज को जागृत करने का प्रयास है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने समाज के उत्थान और महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

