प्रदेश में डिप्थीरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन के निर्देश पर जनपद पीलीभीत में स्कूल आधारित टीडी/डीपीटी विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सोमवार को किया गया। यह अभियान 20, 21, 23, 24, 27, 28 एवं 30 अप्रैल 2026 को संचालित किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ नगर क्षेत्र स्थित स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल, बल्लभनगर में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान विद्यालय के चेयरमैन आर.के. धवन, निदेशिका चारू धवन, शिक्षकगण तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश, डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि, जिला समन्वयक सहित अन्य अधिकारियों ने अभियान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में 5-6 वर्ष आयु के बच्चों को डीपीटी-2 बूस्टर, 10 वर्ष आयु के बच्चों को टीडी-10 तथा 16 वर्ष आयु के बच्चों को टीडी-16 की अतिरिक्त खुराक दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद प्रमाण-पत्र/कार्ड संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों से प्राप्त किया जा सकता है या यू-विन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है।
अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा, बाल विकास, समाज कल्याण, पंचायत राज, आपूर्ति एवं ग्राम्य विकास विभागों के साथ नेहरू युवा केंद्र और रोटरी क्लब का भी सहयोग लिया जा रहा है। वहीं, डब्ल्यूएचओ द्वारा अभियान का अनुश्रवण किया जाएगा।
