बांदा चित्रकूटधाम मंडल, में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा हेतु 20 अप्रैल 2026 को आयुक्त की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जनपदों के चिकित्सा एवं कार्यक्रम प्रबंधन से जुड़े अधिकारी तथा WHO और UNICEF के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन एवं प्रस्तुतीकरण मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक आलोक कुमार द्वारा किया गया।बैठक में परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देने पर विशेष बल दिया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को “स्टार ऑफ द मंथ” से सम्मानित किया गया, जिसमें हमीरपुर की रामदेवी एवं बांदा की रानी देवी का उल्लेखनीय योगदान रहा।स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, बांदा सहित सभी जिला चिकित्सालयों में साफ-सफाई एवं बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। IPHL लैब में आवश्यक जांचों के अपेक्षित स्तर तक प्रारंभ न होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए माइक्रोबायोलॉजी एवं वायरोलॉजी लैब को तीन दिन के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए गए।कैंसर मरीजों की सुविधा के लिए सभी जिला चिकित्सालयों में डे केयर कैंसर सेंटर स्थापित करने तथा प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत लक्ष्य प्राप्ति में तेजी लाने, जोखिमयुक्त आबादी की स्क्रीनिंग बढ़ाने तथा TrueNat मशीन से जांच सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।
NCD (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों को मासिक आधार पर विभाजित कर प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। सभी उपकेंद्रों पर BP और शुगर की दवाओं की उपलब्धता तथा 30 वर्ष से अधिक आयु की आबादी की अनिवार्य स्क्रीनिंग और ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में दवाओं की उपलब्धता को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए, जिसके तहत जिला अस्पताल, CHC, PHC एवं उपकेंद्रों पर निर्धारित संख्या में आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य कार्ड निर्माण की प्रगति संतोषजनक बताते हुए जानकारी दी गई कि 70 वर्ष से अधिक आयु के 81,431 लोगों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। हालांकि, बजट सीमाओं के चलते कुछ भुगतान लंबित होने की स्थिति भी सामने आई।अंत में आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित क्षेत्रीय भ्रमण कर कमियों को दूर करने, कमजोर प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों पर कार्रवाई करने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य संस्थानों में शीतलन व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, हीट-रिलेटेड वार्ड और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
