अर्जुन रौतेला आगरा। आज उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट ) के प्रतिनिधि मंडल ने प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. भोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में जिलाधिकारी आगरा मनीष बंसल को एक ज्ञापन सौंपा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट ने माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की जनगणना में शत-प्रतिशत ड्य़ूटी लगाए जाने का विरोध करते हुए प्रशासन से केवल विद्यालय से 50% शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाने की मांग करते हुए शिक्षकों की समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा है ।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. भोज कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशासन जनपद आगरा द्वारा जनपद के सभी अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक / शिक्षिकाओं की ड्यूटी जनगणना 2027 में शत-प्रतिशत लगाई जा रही है। जो शिक्षा के उत्थान एवं उत्तम शिक्षा का प्रदेश बनाने की संकल्पना पर एक गम्भीर प्रश्नचिह्न है।
माध्यमिक विद्यालयों के सभी शिक्षकों की ड्यूटी प्रतियोगी परीक्षाओं में भी लगातार लगाई जा रही है। शिक्षकों को अवकाश के दिनों में भी इस प्रतियोगी परीक्षाओं को कराने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। जिससे अध्यापन कार्य विरत रहता है। जो शैक्षिक गुणवत्ता के दृष्टिकोण से भी उचित नहीं है। शिक्षकों का मूल कर्तव्य पठन-पाठन है।
इस प्रकार के अनवरत गैर शैक्षणिक कार्यों के करने से उर्जा का क्षय ही नहीं वल्कि शैक्षिक गुणवत्ता / व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह भी लगता है। शिक्षार्थियों का नुकसान होता है। तहसील बाह के शिक्षकों की ड्यूटी आगरा के नगर निगम में लगाई गई है।शिक्षक संघ ने मांग की है कि उनकी ड्यूटी उन्हीं के ब्लाकों पर लगाई जाए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के निस्तारण करने का तथा उचित कदम उठाने का आश्वासन भी दिया है।प्रतिनिधिमंडल में डॉ. भोज कुमार शर्मा, सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ, लक्ष्मी रानी शर्मा, दिनेश चंद्र गुप्ता, डॉ. अरुण कुमार गौतम, जितेंद्र तिवारी, अत्ताउल्लाह खान, सूरज तिवारी, कुलदीप जैन, लोकेंद्र शर्मा, बृजबाला, सुनील रिजवी, फिरोज आलम, नम्रता गर्ग, आसमां आदि शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
