पीलीभीत जनपद के अमरिया विकासखंड मुख्यालय पर बुधवार को मनरेगा कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। ग्राम रोजगार सेवक (मनरेगा कर्मचारी) संघ, उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारियों ने 16 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक सांकेतिक कलमबंद हड़ताल करने का ऐलान किया है।
इस संबंध में कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बकाया मानदेय का भुगतान लंबित है, ईपीएफ खातों में नियमित अंशदान नहीं हो रहा है तथा लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण पर भी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
संघ ने यह भी कहा कि 04 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वादों को अभी तक लागू नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत 26 व 27 अप्रैल को पोस्टकार्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा, जबकि 28 से 30 अप्रैल तक जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 1 मई (मजदूर दिवस) को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ ने प्रशासन से हड़ताल के दौरान किसी भी कर्मचारी पर कार्य का दबाव न बनाने की अपील की है। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष आदेश कुमार, अमनदीप सिंह, प्रभुदयाल, निजाकत अली, अफरोज सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
