प्रशासनिक आदेश के बावजूद उपभोक्ता परेशान
सहजनवा गोरखपुर क्षेत्र में वैवाहिक एवं धार्मिक आयोजनों का दौर चल रहा है, लेकिन सहजनवा और पिपरौली गैस एजेंसियों पर कमर्शियल सिलेंडरों की अनुपलब्धता ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आलम यह है कि जिला पूर्ति अधिकारी के स्पष्ट आदेश के बावजूद उपभोक्ताओं को एक काउंटर से दूसरे काउंटर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
बांसपार निवासी राकेश ने बताया कि उनकी पुत्री का मुंडन संस्कार 23 अप्रैल को है। निमंत्रण पत्र बंट चुके हैं और सभी तैयारियां पूरी हैं। जिला पूर्ति कार्यालय से कमर्शियल सिलेंडर के लिए अनुमति पत्र भी मिल गया, लेकिन वैष्णवी इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी पिपरौली पहुंचने पर उन्हें खाली हाथ लौटा दिया गया। इसी तरह नगवा निवासी कमलेश प्रजापति की पुत्री का विवाह 28 अप्रैल को तय है। जिला प्रशासन ने उन्हें दो कमर्शियल सिलेंडर आवंटित करने का आदेश दिया है। मगर वैष्णवी इंडेन गैस सर्विस सहजनवा एजेंसी पर स्टॉक न होने के कारण उनके सामने संकट खड़ा हो गया है। लग्न और धार्मिक कार्यक्रम वाले घरों में गैस न मिलने से तनाव का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब प्रशासन आदेश जारी कर रहा है तो यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे। सैकड़ों मेहमानों के भोजन का प्रबंध बिना गैस के संभव नहीं है। वैष्णवी इंडेन ग्रामीण वितरक के संचालक देवी शरण ने बताया कि शनिवार से ही गैस सिलेंडर की सप्लाई वाली गाड़ी एजेंसी पर नहीं पहुंची है। स्टॉक खत्म होने के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं दे पा रहे हैं। प्रतिदिन दर्जनों लोग प्रशासनिक आदेश लेकर आते हैं, लेकिन मजबूरी में उन्हें लौटना पड़ रहा है। हालांकि जब गैस सिलेंडर उपलब्ध हो गया तो जो लोग आ रहे हैं उनको दिया जा रहा हैं। एजेंसी संचालक ने फोन पर सूचना दी कि गैस सिलेंडरों से लदी गाड़ी एजेंसी के लिए रवाना हो चुकी है और जल्द पहुंचने वाली है। इस संबंध में सहजनवा पूर्ति निरीक्षक संतोष वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन एजेंसियों पर समय से स्टॉक उपलब्ध कराए ताकि मांगलिक एवं धार्मिकआयोजनों में किसी को परेशानी न हो।
