परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो : जिलाधिकारी
जनपद कानपुर देहात में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज, मुहम्मदपुर, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, पुखरायां तथा श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज, पुखरायां का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रवेश एवं निकास की प्रक्रिया सुव्यवस्थित रखी जाए, जिससे भीड़भाड़ अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नकल अथवा अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा से संबंधित सभी कार्मिक समय से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी भोगनीपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे
