बांदा जसपुरा। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद जसपुरा ब्लॉक की होनहार छात्रा सपना ने अपनी मेहनत और लगन से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गया है।
श्री मधुसूदनदास आदर्श इंटर कॉलेज, जसपुरा की छात्रा सपना, पुत्री शिवकुमार, निवासी नारायण (जसपुरा) ने हाईस्कूल परीक्षा में विज्ञान वर्ग से 600 में 569 अंक प्राप्त कर 95 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
सपना की यह उपलब्धि केवल अंक नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और निरंतर प्रयास की सशक्त कहानी है। उसने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कक्षा 1 से 5 तक प्राथमिक विद्यालय क्योटरा तिरसा, बरीपाल घाटमपुर (कानपुर) में ननिहाल में रहकर पूरी की। इसके बाद कक्षा 6 से 8 तक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जसपुरा में अध्ययन किया। कक्षा 9 की पढ़ाई भी उसने वहीं रहकर की, जबकि हाईस्कूल की तैयारी के लिए उसे किराये पर रहकर पढ़ाई करनी पड़ी।पूरी शिक्षा सरकारी विद्यालयों से प्राप्त करने वाली सपना ने साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती, यदि इरादे मजबूत हों।सपना का लक्ष्य इंजीनियर बनना है। वह कहती है कि आगे भी वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ पढ़ाई जारी रखेगी, ताकि अपने सपनों को साकार कर सके।परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। पिता शिवकुमार सटरिंग का कार्य करते हैं, जबकि माता सुधा गृहिणी हैं। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी सपना अपने परिवार के लिए भी प्रेरणा बन गई है। उसके भाई विनय (कक्षा 8) और सिद्धार्थ (कक्षा 6) भी सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत हैं।सपना की इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों और ग्रामीणों ने उसकी इस सफलता पर गर्व जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

