उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद पीलीभीत में आगामी 09 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक दीवानी न्यायालय परिसर पीलीभीत, ग्राम न्यायालय पूरनपुर तथा बाह्य न्यायालय बीसलपुर में आयोजित होगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पीलीभीत के पूर्णकालिक सचिव अरुण कान्ति यशोदास ने जनमानस से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग अपने लंबित वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर कराकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रविन्द्र कुमार चतुर्थ के निर्देशन में सोमवार को न्यायालय परिसर से प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर रामकिशोर (अपर जनपद न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-2) एवं अन्य न्यायिक अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
यह प्रचार वाहन 04 मई से 08 मई तक जनपद की सभी तहसीलों में भ्रमण कर लोगों को लोक अदालत के प्रति जागरूक करेगा। वाहन के माध्यम से पराविधिक स्वयंसेवक पंकज माथुर एवं महेन्द्र पाल आम नागरिकों को लोक अदालत में भाग लेने और अपने मामलों का त्वरित समाधान कराने के लिए प्रेरित करेंगे।
प्राधिकरण ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और आपसी समझौते से अपने मामलों का शीघ्र निस्तारण कराएं।
