बांदा। इंदिरा नगर स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान किड्जी प्री-स्कूल में मदर्स डे (मातृ दिवस) का आयोजन अत्यंत भव्य एवं गरिमामय तरीके से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रेखा गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर सरस्वती वंदना और गणेश वंदना के स्वरों से गुंजायमान रहा।समारोह में क्षेत्र की लगभग 200 माताओं ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने अपनी माताओं के सम्मान में भावपूर्ण कविताएं और नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। बच्चों ने मेरी माँ प्यारी माँ, तेरी उंगली पकड़ के चला और ओरी चिरैया जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य कर उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ माताओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।विद्यालय के इस सफल आयोजन में शिक्षिकाओं— किरण मैम, सुमन मैम, प्रियंका मैम, वैष्णवी मैम, काजल मैम, आकांक्षा मैम, प्रियांशी मैम, तृप्ति मैम, मधुलिका मैम एवं प्रान्जुल मैम का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के डायरेक्टर सौरभ चंद्र गुप्ता एवं प्रधानाचार्या शालिनी गुप्ता ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माता संस्कार की पहली पाठशाला होती है, बच्चों को आजीवन अपनी माता की सेवा और सम्मान करने का संकल्प लेना चाहिए।
