सिधौली/सीतापुर, 11 मई। डॉ. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ के आवाहन पर आगामी 16 मई 2026 को बहुजन समाज के लोग बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, तथागत गौतम बुद्ध एवं बहुजन समाज में जन्मे महापुरुषों के सम्मान में विशाल आंदोलन करेंगे।
यह जानकारी देते हुए संगठन के पदाधिकारी अभय प्रताप सिंह त्यागी ने बताया कि आंदोलन प्रातः 10 बजे डॉ. अंबेडकर पार्क बहादुरपुर, सिधौली से प्रारंभ होगा, जिसमें क्षेत्र की जनता बड़ी संख्या में शामिल होगी।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि जिनके बनाए संविधान से देश चलता है, उन्हीं संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना और उनके विचारों पर कार्यक्रम करने के लिए अनुमति लेनी पड़ती है, जबकि अन्य धार्मिक आयोजनों और प्रतिमा स्थापना में ऐसी बाधाएं नहीं लगाई जातीं। यह दोहरी नीति बाबा साहेब अंबेडकर और गौतम बुद्ध का अपमान है।
उन्होंने कहा कि अब यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और 152 विधानसभा क्षेत्र की जनता अपने सम्मान, अधिकार और संविधान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगी।
महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सोनम गौतम ने कहा कि बाबा साहेब ने सभी को समान अधिकार दिए, इसलिए प्रशासन को भी सबके साथ समान व्यवहार करना चाहिए।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वंश राज भारती ने कहा कि यदि प्रशासन पक्षपात करेगा तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
जिला अध्यक्ष अनुज कुमार गौतम ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. राम अवतार, नंदलाल गौतम, विनोद कुमार गौतम, ज्ञानेंद्र कुमार गौतम, बादल नेता, गजोधर प्रसाद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने एक स्वर में कहा कि संविधान, सम्मान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
जय भीम। जय संविधान।

