सिधौली, सीतापुर बहुजन समाज के स्वाभिमान, संविधान सम्मान और महापुरुषों की विरासत की रक्षा के लिए 16 मई 2026 को सिधौली की धरती एक ऐतिहासिक जनआंदोलन की साक्षी बनने जा रही है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, तथागत भगवान बुद्ध, मान्यवर कांशीराम साहेब तथा बहुजन महापुरुषों के सम्मान और उनके विचारों की रक्षा हेतु हजारों की संख्या में बहुजन समाज के लोग सड़कों पर उतरेंगे।
यह विशाल आंदोलन सामाजिक न्याय, संविधान बचाओ, महापुरुष सम्मान और सार्वजनिक स्थलों पर बहुजन प्रतीकों के संरक्षण की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है। आंदोलन में जिले भर के सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा मिशनरी साथियों की भागीदारी रहेगी।
आंदोलन के आयोजकों ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं बहुजन महापुरुषों के सम्मान से जुड़े मुद्दों की उपेक्षा की जा रही है, जिसे अब बहुजन समाज किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। समाज के लोगों ने स्पष्ट कहा कि महापुरुष केवल किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे देश की लोकतांत्रिक चेतना और सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं।
16 मई को सिधौली में निकलने वाला यह विशाल आंदोलन शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। आंदोलन के दौरान संविधान बचाओ, सामाजिक भाईचारा, शिक्षा, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में बाबा साहेब, भगवान बुद्ध और अन्य महापुरुषों के विचारों पर आधारित जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।
आयोजकों ने बहुजन समाज के सभी लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को ऐतिहासिक बनाएं और अपने महापुरुषों के सम्मान में एकजुटता का परिचय दें।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से अनुशासन, शांति और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की भी अपील की गई है। आंदोलन के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि बहुजन समाज अपने महापुरुषों, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए हमेशा संगठित और जागरूक है।
जय भीम
जय संविधान
जय भारत

