महमूदाबाद।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रथम ब्लॉक इकाई के निर्वाचन में लोकतांत्रिक उत्साह और शिक्षकों की भारी भागीदारी देखने को मिली। पूरे चुनावी माहौल में शिक्षकों का जोश चरम पर रहा। कड़े मुकाबले के बीच अजय कुमार वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंदी विनय कुमार सिंह को 108 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कुल 581 मतदाताओं में से 554 शिक्षकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो शिक्षकों की संगठन के प्रति जागरूकता और सक्रियता को दर्शाता है। मतगणना पूरी होने के बाद घोषित परिणामों में अजय कुमार वर्मा को 331 मत प्राप्त हुए, जबकि विनय कुमार सिंह को 223 मत मिले।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजयी प्रत्याशी अजय कुमार वर्मा का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया तथा समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। चुनाव परिणाम को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।
निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने में जिला कोषाध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने पर्यवेक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं जिला संगठन मंत्री जमीर अहमद ने चुनाव अधिकारी के रूप में पूरी प्रक्रिया का संचालन किया। एलिया ब्लॉक अध्यक्ष अश्विनी सिंह एवं जिला उपाध्यक्ष उमेश वर्मा ने भी निर्वाचन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
विजयी होने के बाद अजय कुमार वर्मा ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे शिक्षक समाज की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।
शिक्षक संघ के इस चुनाव को लेकर क्षेत्रीय शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला और इसे संगठन की मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
