चित्रकूट। नगर पालिका परिषद चित्रकूट धाम कर्वी की बोर्ड बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए विकास कार्यों एवं विभिन्न जनहित योजनाओं के संचालन हेतु करीब 77 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में नगर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्यों पर विशेष जोर दिया गया।
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धार्मिक नगरी चित्रकूट के विकास को लेकर बेहद गंभीर हैं। सरकार द्वारा नगर पालिका परिषद को बी श्रेणी का दर्जा दिए जाने से अब विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नगर पालिका को विभिन्न मदों में करोड़ों रुपये की सौगात दी है, जिससे नगर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पुराने बस स्टैंड परिसर में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही स्टेशन रोड पर छोटे व्यापारियों के लिए सड़क किनारे छोटी दुकानों के निर्माण पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और नगर की व्यवस्था भी बेहतर होगी।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। सभी वार्डों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और जिन गलियों में अब तक पक्की सड़क नहीं बनी है, वहां शीघ्र निर्माण कार्य कराया जाएगा। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी विशेष बजट रखा गया है ताकि बरसात के दिनों में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि नगर के सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया लगातार जारी है। धनुष चौराहा से शंभू बाबू पेट्रोल पंप तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण का कार्य विकास प्राधिकरण को सौंप दिया गया है। इसके अलावा अन्य प्रमुख मार्गों को भी आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की योजना तैयार की जा रही है।
नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि शास्त्री नगर स्थित एसडीएम कॉलोनी से शिवपुरी बच्चा जेल तक निर्माणाधीन सड़क अधूरी होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराया जाएगा। साथ ही नगर में अन्य नई सड़कों का निर्माण भी कराया जाएगा।
बैठक में अधिशासी अधिकारी लालजी यादव एवं सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला ने बजट के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान सभासद शंकर प्रसाद यादव, विनय त्रिपाठी, विनीत पयासी, राजा राजेश, शैलेंद्र सोनी बल्लू निषाद, बद्री, नीतू सिंह, शहजादे भाई, अनुज निगम, शकुंतला गुप्ता, किशन गुप्ता, राजकमल सहित वरिष्ठ लिपिक सुभाष गुप्ता, अशरफ, ज्ञानचंद गुप्ता, अभियंता शुभम तिवारी, प्रवीण श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
