सहजनवां, गोरखपुर
सहजनवां तहसील क्षेत्र के गोविन्दपुर पोल्ट हुमती निवास वप्या औरंगाबाद निवासी एक महिला ने पैतृक संपत्ति में अपने हिस्से के मकान को खाली कराने की मांग को लेकर सम्पूर्ण समाधान अधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। मामले ने अब प्रशासनिक और पारिवारिक स्तर पर नया मोड़ ले लिया है।
प्रार्थिनी आरती पुत्री छोटेलाल साहनी ने तहसील समाधान दिवस में दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके पिता छोटेलाल साहनी अपने भाइयों बच्चूलाल व रामसिंह के साथ पैतृक संपत्ति में बराबर के हिस्सेदार हैं। परिवार में पंचायत के माध्यम से मकान और जमीन का बंटवारा भी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद उनके छोटे चाचा रामसिंह कथित रूप से उनके हिस्से में पड़े कमरे को खाली नहीं कर रहे हैं।
पीड़िता का कहना है कि वर्तमान समय में उनका सामान दूसरे हिस्से में रखा गया है, जिससे उन्हें लगातार असुविधा और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनके पिता के हिस्से में पड़े कमरे को तत्काल खाली कराया जाए ताकि वह अपने मकान में सम्मानपूर्वक रह सकें।
मामले को लेकर गांव में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो पारिवारिक विवाद और गहरा सकता है।
अब देखना होगा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे इस मामले पर तहसील प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को कब तक राहत मिल पाती है।
